![]() |
| 1959 में राजघाट पर पुष्प अर्पित करते मार्टिन लूथर किंग और गीता की वह प्रति जो मोदी ने ओबामा को भेंट की। |
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के लिए जो व्यक्तिगत उपहार ले गए हैं उनमें से एक बहुत ही प्रमुख और दुर्लभ है। यह हैं मार्टिन लूथर किंग की 1959 की भारत यात्रा के ऑडियो विजुअल क्लिप्स। मार्टिन लूथर किंग मानवतावादी अमरीकी पादरी और अफ्रीकी-अमरीकी नागरिक अधिकार आंदोलन की प्रमुख हस्ती थे।
ये ऑडियो विजुअल मिलना आसान नहीं था। इसके लिए आकाशवाणी के अभिलेखागार और सूचना मंत्रालय के फोटो प्रभाग को खंगाला गया और मिलने के बाद उसे भेंट योग्य बनाया गया। याद रहे कि मार्टिन लूथर किंग बिहार के जननेता जयप्रकाश नारायण के आमंत्रण पर बिहार के नवादा स्थित कौग्वा कौल में शेखोंदेवरा आश्रम आए थे। यह स्थान अंडमान की तरह पिछड़ा था। प्रधानमंत्री ने ओबामा को मार्टिन लूथर किंग के अन्य स्मृति चिह्न भी दिए जिनमें एक फोटो में मार्टिन लूथर किंग राजघाट पर नजर आ रहे हैं। इन्हें भी ओबामा को फ्रेम कर दिया गया। इसके अलावा बराक ओबामा के लिए महात्मा गांधी द्वारा लिखित पुस्तक गीता भी ले गए हैं। ओबामा विश्व की इन दोनों हस्तियों महात्मा गांधी और मार्टिन लूथर किंग के बड़े प्रशंसक हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन के अनुसार, व्यक्तिगत स्तर पर वह गांधीजी द्वारा लिखी गई गीता के विशेष संस्करण की प्रति लाए। यह गांधीजी द्वारा की गई गीता की व्याख्या है। यह पुस्तक कई साल पहले प्रकाशित हुई थी। प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से इस पुस्तक के विशेष संस्करण का ऑर्डर दिया था। इसकी प्रतियां विशेष रूप से तैयार की गई थीं। उन्होंने कहा कि उन्होंने उन्हें कुछ अन्य निजी उपहार भी दिए। उन्हें मालूम था कि राष्ट्रपति ओबामा के मन में मार्टिन लूथर किंग के प्रति गहरा सम्मान है। ये सारी चीजें प्रधानमंत्री कार्यालय ने पहले से तैयार की थीं और आज राष्ट्रपति को भेंट की गईं।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें